
सुपौल नगर परिषद क्षेत्र के बलवा पुनर्वास, वार्ड नंबर-1 में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अचानक लगी आग में एक महिला और उसकी चार साल की मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई

मृतकों की पहचान नीलम देवी (28) और उनकी बेटी अंजली कुमारी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, नीलम देवी कुछ दिन पहले ही अपनी बेटी के साथ मायके आई हुई थीं। रविवार की रात परिवार के सभी सदस्य रोज की तरह खाना खाकर सो गए थे। देर रात अचानक नीलम के कमरे से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। जब तक घर के लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी।
मृतका के भाई राकेश ने बताया कि वह दूसरे कमरे में सो रहे थे। अचानक चीख-पुकार सुनकर उनकी नींद खुली। बाहर निकलकर देखा तो बहन के कमरे में आग लगी हुई थी। उन्होंने दरवाजा तोड़कर अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि अंदर घुसना नामुमकिन हो गया। इसी बीच नीलम ने अपने भाई से कहा कि वह बाहर निकल जाए और मां को सुरक्षित बाहर ले जाए। राकेश किसी तरह अपनी मां को बाहर निकाल लाए, लेकिन नीलम और उसकी मासूम बेटी आग की चपेट में ही फंस गईं।
शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश शुरू की। बाल्टी, ड्रम और अन्य साधनों से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। बताया जा रहा है कि करीब सौ बाल्टी पानी डाला गया, फिर भी आग पूरी तरह नहीं बुझ सकी।
करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। जब आग शांत हुई और मलबे की तलाशी ली गई, तो घर के अंदर से नीलम देवी और उनकी बेटी के जले हुए शव बरामद हुए। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरे इलाके में सन्नाटा छा गया।
इस हादसे में घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। कपड़े, अनाज, बर्तन और जरूरी कागजात तक आग की भेंट चढ़ गए। एक ही पल में पूरा परिवार उजड़ गया और घर खंडहर में तब्दील हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं और प्रशासन से मुआवजे व सहायता की मांग कर रहे हैं।
रिपोर्ट: Bihar Prime TV
Chief Editor: Vikash Kumar

