
रिपोर्ट: विकास कुमार, रिपोर्टर एवं संपादक — बिहार प्राइम टीवी
सुपौल:
सुपौल जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह घटना त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के लालपट्टी वार्ड संख्या 17 की बताई जा रही है, जहां शुक्रवार की सुबह एक घर के कमरे में महिला का शव बेड पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और पुलिस को तुरंत इसकी जानकारी दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान जदिया थाना क्षेत्र के मानगंज पश्चिम निवासी रोशन कुमार की पत्नी, 27 वर्षीय महिला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने पति और बच्चों के साथ त्रिवेणीगंज के लालपट्टी इलाके में रह रही थी। पति-पत्नी घर के बाहर ही बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर अपना जीवनयापन करते थे और आसपास के लोगों के अनुसार उनका परिवार सामान्य जीवन जी रहा था।
लेकिन शुक्रवार की सुबह जब पड़ोस के लोग किसी काम से उनके घर पहुंचे तो कमरे के अंदर महिला को बेड पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद इलाके के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में महिला के गर्दन पर गहरे निशान पाए जाने की बात सामने आई है, जिससे मामला और भी संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
दादी की जुबानी
घटना के बाद मृतका के मायके में मातम पसरा हुआ है। मृतका की दादी ने रोते हुए कहा,
“मैंने उसे बड़े ही लाल-प्यार से पाला था। बचपन से ही उसे अपनी आंखों के सामने बड़ा होते देखा। हमने कभी सोचा भी नहीं था कि उसके साथ ऐसा दिन देखना पड़ेगा। हमें लगता है कि उसके पति के द्वारा ही उसे खत्म कर दिया गया। मेरी पोती बहुत सीधी और सहनशील थी।”

भाई ने क्या कहा
मृतका के भाई ने भी घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा,
“हमने अपनी दीदी की शादी साल 2013 में बहुत धूमधाम से की थी। उस समय हमने कर्ज लेकर भी शादी का खर्च उठाया था, ताकि बहन की जिंदगी खुशहाल रहे। लेकिन हमें क्या पता था कि जिस घर में उसे विदा कर रहे हैं, वहीं उसकी जिंदगी खत्म हो जाएगी। आज हमारी बहन हमारे बीच नहीं है और हमें न्याय चाहिए।”

चाची का आरोप
वहीं मृतका की चाची ने भी दामाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा,
“लगातार मेरे दामाद के द्वारा मेरी भतीजी से पैसों की मांग की जाती थी। जब भी वह अपने मायके आती थी, तब पैसे की बात होती थी। कई बार हमने उसे समझाया भी, लेकिन मजबूरी में हम लोग कभी 2000 तो कभी 4000 रुपये देकर उसे वापस भेज देते थे। हमें डर था कि कहीं उसके साथ कोई अनहोनी न हो जाए, लेकिन आखिर वही हो गया।”

मायके का पता
मृतका का मायका सुपौल जिला के किशनपुर थाना क्षेत्र के तुलापट्टी वार्ड संख्या 4 में बताया जा रहा है, जहां घटना की खबर पहुंचते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन रो-रोकर बदहवास हैं और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं परिवार वालों का कहना है कि उन्हें इंसाफ चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।