
सुपौल। जिला मुख्यालय स्थित एक रिसोर्ट में आयोजित बैठक में जनता दल (यूनाइटेड) के जिला अध्यक्ष पद का चुनाव संपन्न हुआ। निर्धारित समय में केवल निवर्तमान जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव ने नामांकन दाखिल किया। सभी 11 प्रखंड अध्यक्ष और एक नगर अध्यक्ष उनके प्रस्तावक बने। नामांकन वैध पाए जाने के बाद निर्वाची पदाधिकारी हारूण रसीद ने उन्हें निर्विरोध जिलाध्यक्ष घोषित कर दिया।
चुनाव पर्यवेक्षक सत्यनारायण यादव की मौजूदगी में प्रक्रिया पूरी की गई। बैठक में नव निर्वाचित प्रखंड अध्यक्षों एवं जिला प्रतिनिधियों ने नए कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद दिलेश्वर कामैत ने कहा कि संगठनात्मक दृष्टि से सुपौल जिला राज्य में मजबूत स्थिति में है। उन्होंने कहा कि सभी प्रखंडों एवं एक नगर में शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न होना संगठन की एकजुटता को दर्शाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए कार्यकाल में संगठन बूथ स्तर तक और सशक्त होगा।
नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव ने कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छात्र राजनीति से ही वे समाजवादी विचारधारा से जुड़े रहे हैं। जनता पार्टी से लेकर जदयू तक उन्होंने समर्पण भाव से कार्य किया है। उन्होंने कहा कि नए कार्यकाल में पार्टी को हर स्तर पर मजबूत करना प्राथमिकता होगी और पंचायत स्तर तक संगठन विस्तार पर विशेष फोकस रहेगा।
बैठक में पूर्व विधायक लखन ठाकुर, अमर कुमार चौधरी, युगल किशोर अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।