
शादी के पांच साल बाद हुई घटना, तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई महिला, पुलिस जांच में जुटी

मुख्य संवाददाता : विकास कुमार
स्थान : सुपौल
सुपौल जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दीनबंधी पंचायत में एक विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 25 वर्षीय शाहिदा अंजुम के रूप में हुई है। घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं। मृतका के परिजनों ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को शाहिदा अंजुम का शव उनके ससुराल स्थित घर के कमरे में बेड पर पड़ा मिला। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कमरे में एक बैंगनी रंग का दुपट्टा भी लटका हुआ था। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर राजेश कुमार चौधरी एवं भीमनगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार घटना से एक दिन पहले पंचायत स्तर पर शाहिदा अंजुम के साथ कथित मारपीट को लेकर बैठक भी हुई थी। इसके अगले ही दिन महिला का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। परिजनों का कहना है कि महिला के साथ लगातार प्रताड़ना की जाती थी।
मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2021 में शाहिदा अंजुम की शादी दीनबंधी पंचायत निवासी अमरूल केशर के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। परिजनों का यह भी आरोप है कि पूर्व में मारपीट की एक घटना में शाहिदा का हाथ टूट गया था, जिसमें स्टील तक लगवाना पड़ा था।
परिजनों के मुताबिक हाल ही में ननद की शादी के दौरान रंग लगाने को लेकर विवाद हुआ था। शाहिदा ने कपड़े नहीं होने की बात कहकर रंग लगाने से मना किया था, लेकिन इसके बावजूद उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। आरोप है कि बाद में घर के अंदर सास, ससुर और पति द्वारा उसके साथ मारपीट की गई थी।
मृतका अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गई है। बताया जा रहा है कि सबसे छोटा बच्चा मात्र चार माह का है। घटना के बाद बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर भीमनगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने कहा है कि परिजनों के आवेदन और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
